Search

रामनवमी में हजारीबाग के 54 जगहों पर ड्रॉप गेट और बैरिकेडिंग करने का निर्देश, ड्रोन से रखी जाएगी नजर

सुचारू विधि-व्यवस्था के लिए डीसी-एसपी ने विभिन्न विभाग के पदाधिकारियों के साथ की बैठक रामनवमी को लेकर हजारीबाग में तीन दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें और बार Hazaribagh : रामनवमी पर्व के दौरान सुचारू व्यवस्था को लेकर डीसी सह जिला दंडाधिकारी नैंसी सहाय की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में बैठक की गई. इसमें शहर के 54 जगहों पर ड्रॉप गेट लगाने और बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया गया. वहीं सीसीटीवी और ड्रोन से जुलूस पर नजर रखे जाने की बात कही गई. बैठक में सुचारू रूप से बिजली, पेयजल आदि की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. वहीं नगर निगम, पुलिस सहित आवश्यक सेवा प्रदाता विभागों के साथ भी चर्चा की गई. सामान्य नागरिक सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से मिले, इसके लिए जिला प्रशासन की तैयारियों के लिए खासकर अभियंत्रण विभाग, आवश्यक सेवा एवं अन्य लाइन डिपार्टमेंट के साथ समन्वय बनाने का निर्देश दिया गया. पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सहित भीड़-भाड़ नियंत्रण के लिए 54 जगहों पर ड्रॉप गेट एवं बैरिकेडिंग बनाने का निर्देश दिया गया. इस बार कुछ अतिरिक्त जगहों पर भी ड्रॉप गेट लगाने का भी निर्देश दिया गया. डीसी ने कहा कि ड्रॉप गेट मजबूत एवं लोहे का बनवाएं.

वैकल्पिक लाइट की रहेगी व्यवस्था

जुलूस के दौरान मार्गों पर विद्युत प्रकाश की समुचित व्यवस्था के लिए वैकल्पिक लाइट की व्यवस्था करने के अलावा चलंत वाहनों पर भी लाइट की मुकम्मल व्यवस्था करने की बात कही गई. कमजोर, लटके बिजली के तार, सूखे पेड़, टहनियों आदि से किसी प्रकार की अप्रिय घटना या हादसा न हो, इसके लिए बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता, नगर निगम, वन विभाग एवं अंचल अधिकारी को संयुक्त रूप से जुलूस मार्ग का भौतिक निरीक्षण एवं सत्यापन कर चिह्नित जगहों पर जल्द खामियों को दूर कर मरम्मत का काम प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया. नगर निगम को जुलूस मार्ग अथवा भीड़भाड़ वाले जगहों पर नालियों के टूटे स्लैब की मरम्मत करने, सड़क के गड्ढों को दुरुस्त करने और अस्थाई शौचालय की व्यवस्था करने की भी बात कही गई.

छतों से पत्थर, चिप्स, ईंट आदि हटाने का निर्देश

श्रद्धालुओं सहित आम लोगों की सुविधा सहित असामाजिक तत्वों की मंशा पर अंकुश लगाने के लिए सड़क एवं मकानों की छत पर भवन निर्माण सामग्री जैसे पत्थर, चिप्स, ईंट आदि प्रतिबंधित एवं आपत्तिजनक सामग्रियों को सड़क से हटाने के लिए आम लोगों से अपील करने एवं उल्लंघन करने वाले लोगों पर कार्रवाई करने का निर्देश डीसी ने दिया.

सात जगहों पर अस्थायी मेडिकल कैंप लगाने का निर्देश

सिविल सर्जन को जुलूस के दौरान सदर अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ भाड़ नहीं हो, इसके लिए सात चिह्नित जगहों पर अस्थायी मेडिकल कैंप, मेडिकल स्टॉफ की प्रतिनियुक्ति और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया.

तीन दिन सभी उत्पाद के प्रतिष्ठानों को सीलबंद रखने का आदेश

रामनवमी त्योहार के दौरान 30 मार्च से एक अप्रैल तक हजारीबाग जिले में संचालित सभी प्रकार के उत्पाद प्रतिष्ठानों यथा : खुदरा शराब की दुकानें, बार व रेस्टोरेंट एवं अन्य उत्पाद के प्रतिष्ठानों को सीलबंद रखने का आदेश डीसी नैंसी सहाय ने दिया है. डीसी ने रामनवमी त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से यह आदेश जारी किया है. डीसी ने सभी महत्वपूर्ण विभागों को आपसी समन्वय के साथ मुस्तैद रहते हुए ससमय आवश्यक तैयारियों को अंजाम देने को कहा.

अवैध शराब के खिलाफ चलेगा अभियान

वहीं पुलिस कप्तान मनोज रतन चोथे ने उत्पाद विभाग को रामनवमी पर्व के दौरान सभी उत्पाद के प्रतिष्ठानों को सीलबंद रखते हुए अवैध शराब आदि के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया है. वहीं शहर के जुलूस मार्ग पर ड्रोन, सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से निगरानी सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp