Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

दावोस-यूके दौरे के बाद झारखंड में निवेश को मिलेगी रफ्तार, मुख्यमंत्री ने तय की प्राथमिकताएं

Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम और यूनाइटेड किंगडम की सफल यात्रा के बाद राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को तेज करने के लिए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस बैठक में अधिकारियों ने निवेश से जुड़े अद्यतन कार्यों की विस्तृत जानकारी दी.

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दावोस और यूके दौरे के दौरान हुए समझौता ज्ञापनों (MoU) को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाए. उन्होंने औद्योगिक विकास के साथ-साथ टेक्सटाइल, उच्च शिक्षा, खाद्य प्रसंस्करण, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), क्रिटिकल मिनरल और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश को प्राथमिकता देने को कहा.

 

उन्होंने कहा कि निवेश के इच्छुक कंपनियों के प्रस्तावों को तेजी से लागू करने के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। टेक्सटाइल क्षेत्र पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेक्टर रोजगार सृजन, खासकर महिलाओं के लिए, अत्यंत महत्वपूर्ण है. झारखंड से अन्य राज्यों में काम करने जाने वाले श्रमिकों को राज्य में ही अवसर उपलब्ध कराने के लिए मजबूत टेक्सटाइल नीति बनाने की आवश्यकता है.

 

मुख्यमंत्री ने दावोस में राज्य की भागीदारी को झारखंड की अपार संभावनाओं का वैश्विक मंच पर प्रदर्शन बताया. उन्होंने कहा कि राज्य निवेश के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ हुई सकारात्मक वार्ताओं से भविष्य में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे.

 

बैठक में पर्यटन, खाद्य प्रसंस्करण, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और ईवी कंपोनेंट्स जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने के लिए सरल और आकर्षक नीतियां बनाने पर भी जोर दिया गया. साथ ही मेगालिथ और मोनोलिथ स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए जियो-टैगिंग कर व्यापक योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए.

 

मुख्यमंत्री ने क्रिटिकल मिनरल्स के शोध, उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने तथा यूनाइटेड किंगडम के संस्थानों के साथ साझेदारी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की दिशा में कार्य करने को कहा. बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, प्रधान सचिव राहुल पुरवार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही