Search

 
 
 

बाबूलाल मरांडी की टिप्पणी पर IPS एसोसिएशन ने जताई नाराजगी, DGP के समर्थन में उतरा एसोसिएशन

एसोसिएशन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि बाबूलाल मरांडी अपने एक्स अकाउंट पर झारखंड पुलिस की मुखिया और एक कर्मठ महिला पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ लगातार अवांछित टिप्पणियां कर रहे हैं. उनके द्वारा इस्तेमाल की जा रही भाषा उचित नहीं है. एसोसिएशन ने इस तरह की टिप्पणियों पर नाराजगी जताते हुए इसकी निंदा की है.
 

Ranchi : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा राज्य की पुलिस महानिदेशक (DGP) के खिलाफ की जा रही टिप्पणियों पर भारतीय पुलिस सेवा एसोसिएशन, झारखंड चैप्टर ने कड़ी आपत्ति जताई है. एसोसिएशन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बाबूलाल मरांडी की टिप्पणियों की भर्त्सना की है.

 

एसोसिएशन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि बाबूलाल मरांडी अपने एक्स अकाउंट पर झारखंड पुलिस की मुखिया और एक कर्मठ महिला पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ लगातार अवांछित टिप्पणियां कर रहे हैं. उनके द्वारा इस्तेमाल की जा रही भाषा उचित नहीं है. एसोसिएशन ने इस तरह की टिप्पणियों पर नाराजगी जताते हुए इसकी निंदा की है.

 

विज्ञप्ति में अनुरोध किया गया है कि भारतीय पुलिस सेवा के पदाधिकारियों को दलीय राजनीति का हिस्सा नहीं बनाया जाए. इससे पूरे पुलिस बल के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. एसोसिएशन ने बाबूलाल मरांडी से अपील की है कि राज्य के पुलिस प्रमुख और पुलिस विभाग की मुखिया के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां न करें. इससे पुलिस बल का मनोबल प्रभावित होने के साथ-साथ संस्थान की गरिमा पर भी असर पड़ता है.

 

पुलिस एसोसिएशन ने भी की निंदा

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने बाबूलाल मरांडी के बयान पर आपत्ति दर्ज कराया है. कहा है कि ​पुलिस बल केवल एक विभाग नहीं बल्कि इस राज्य और संविधान की कानून-व्यवस्था की रीढ़ है. वर्दी की प्रतिष्ठा किसी राजनीतिक दल के प्रभाव, दबाव या किसी व्यक्ति विशेष की सुविधा से नहीं, बल्कि कानून के शासन और पूरी निष्पक्षता के साथ झारखंड पुलिस एसोसिएशन के सदस्य पदाधिकारियों के कार्यों से तय होती है.

 

कानून सर्वोपरि है जांच किसी राजनीतिक स्क्रिप्ट या आरोप-प्रत्यारोप से नहीं बल्कि ठोस साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रियाओं के आधार पर आगे बढ़ती है. पुलिस कभी भी किसी राजनीतिक कहानी को विश्वसनीय बनाने का साधन नहीं बन सकती. हमारा काम केवल और केवल सच को सामने लाना है, चाहे वह किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति के खिलाफ क्यों न हो. बिना पुख्ता तथ्यों के पुलिस के आंतरिक अनुशासन और नेतृत्व पर सवाल उठाना न केवल अनुचित है, बल्कि संस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाने का असफल प्रयास है.

 

यदि किसी के पास अपनी बेगुनाही के सबूत हैं या किसी पार्टी के पास किसी षड्यंत्र के पुख्ता प्रमाण हैं, तो उन्हें सार्वजनिक मंचों पर गला फाड़ने या बयानबाजी करने के बजाय जांच एजेंसियों और अदालत के समक्ष रखना चाहिए. पुलिस विभाग को अपनी राजनीतिक असफलताओं या आंतरिक अंतर्विरोधों का ढाल बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है.

 

पुलिस की वर्दी पर सवाल उठाने से पहले यह याद रखा जाना चाहिए कि न्याय की रक्षा करने वाले बल का मनोबल सुरक्षित रखना इस पूरे समाज की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है.

 

क्या कहा है बाबूलाल मरांडी ने

रविवार को बाबूलाल मरांडी ने विधायक भूषण बाड़ा के मामले में एक्स पर एक पोस्ट किया है. पोस्ट में उन्होंने लिखा है- झारखंड पुलिस की इस प्रकरण में सामने आ रही भूमिका की जितनी निंदा की जाए, कम है. पुलिस से उम्मीद होती है कि वह सच सामने लाएगी, पीड़ित को भरोसा देगी और कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। लेकिन जब उसी की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ जाए, तो जनता न्याय की उम्मीद लेकर किस दरवाज़े पर जाए?

 

वैसे, जिस राज्य में पुलिस नेतृत्व को लेकर ही सवाल हों और यह चर्चा हो कि डीजीपी का काम भी एक सिपाही चला रहा है, वहां व्यवस्था की दशा का अंदाज़ा लगाया जा सकता है. यदि इस चर्चा में सच्चाई है, तो फिर ऊंचे पद, भारी-भरकम दफ़्तर और नियमों की मोटी किताबें किसलिए हैं?  सजावट के लिए? जनता को कम से कम इतना तो पता होना चाहिए कि जवाबदेही किसकी है और आदेश किसके चल रहे हैं!

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही