Search

 
 
 

ईरान का दावा : 24 घंटे में अमेरिका के दो फाइटर जेट F-15 और A-10 मार गिराये

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बीते 36 दिनों से युद्ध जारी है. दोनों देश लगातार एक दूसरे पर हवाई हमले कर रहे हैं, जिससे हालात अभी भी तनावपूर्ण है. इस बीच ईरान ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में उसने अमेरिका के दो लड़ाकू विमानों को मार गिराया है.
 
  • ब्लैक हॉक व CH-47 चिनूक हेलीकॉप्टर को भी बनाया निशाना

Lagatar Desk :  अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बीते 36 दिनों से युद्ध जारी है. दोनों देश लगातार एक दूसरे पर हवाई हमले कर रहे हैं, जिससे हालात अभी भी तनावपूर्ण है. इस बीच ईरान ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में उसने अमेरिका के दो लड़ाकू विमानों को मार गिराया है. 

 

बताया जा रहा है कि पहले हमले में अमेरिकी F-15 फाइटर जेट को निशाना बनाया गया. जबकि ईरानी मीडिया ने इसे F-35 बताया था. इसके बाद दूसरे हमले में A-10 वॉर्थोग विमान पर मिसाइल से हमला किया गया, जो कुवैत के ऊपर क्रैश हो गया.

 

 

इन घटनाओं में शामिल तीन पायलटों में से दो को सुरक्षित बचा लिया गया है. जबकि एक पायलट अब भी लापता है. उसकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है. इतना ही नहीं लापता पायलट की तलाश में जुटे अमेरिकी ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों पर भी ईरान ने हमला किया है.

 

हालांकि, हेलीकॉप्टर सुरक्षित क्षेत्र से बाहर निकलने में सफल रहे. ईरान ने यह भी दावा किया है कि कुवैत में अमेरिकी सेना के CH-47 चिनूक हेलीकॉप्टर को भी मार गिराया है. हालांकि, इस दावे की अभी तक अमेरिका की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. 



इससे पहले 19 मार्च को भी ईरान ने अमेरिका के F-35 विमान को गिराने का दावा किया था. हालांकि अमेरिका ने उस दावे को खारिज कर दिया था. 

 

बताते चलें कि अमेरिका और ईरान की ओर से लगातार हमले हो रहे हैं, जिसके कारण पूरे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ता जा रहा है. इस टकराव का असर वैश्विक सुरक्षा और तेल आपूर्ति पर भी देखने को मिल रहा है. 

 

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार ईरान को समझौता करने की चेतावनी दी है. लेकिन ईरान ने झुकने से साफ इनकार कर दिया है. उल्टा, अमेरिकी दबाव के बाद ईरान और ज्यादा आक्रामक रुख अपनाता नजर आ रहा है. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही