Ranchi News: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की.
सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में इरफान अंसारी ने आरोप लगाया कि कई राज्यों में चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठे हैं. उन्होंने कहा कि अगर लोगों के वोट के अधिकार पर ही सवाल खड़े हों, तो लोकतंत्र की स्थिति पर जवाब जरूरी है.
उन्होंने कहा कि एक-एक वोट जनता का अधिकार है. अगर वोट में गड़बड़ी या वोट चोरी का आरोप लगता है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के आरोपों पर भी जवाब मांगा.
इरफान अंसारी ने ज्ञानेश कुमार से चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने और इस्तीफा देने की मांग की. उन्होंने कहा कि देश किसी पार्टी या सत्ता की जागीर नहीं है. जनता, संविधान और लोकतंत्र सर्वोपरि हैं.
स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा शासित राज्यों की सरकारों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब सरकार और संबंधित संस्थाओं को देना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगे और लगातार सवाल उठाते रहेंगे. उन्होंने हर आरोप की निष्पक्ष जांच की मांग की.
इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड से हजारों लोग दिल्ली जाएंगे और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएंगे. उन्होंने लोगों से चलो दिल्ली का आह्वान करते हुए कहा कि अब लोकतंत्र और जनमत की रक्षा के लिए उलगुलान होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.