National News : फ्लाईदुबई की फ्लाइट में 174 यात्रियों को मौत के मुंह से निकालने वाले भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मछार को लेकर बड़ी खबर आयी है. इजराइल ने कहा है कि वह स्मित मछार को प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज्म से सम्मानित करेगा, बता दें कि यह अवार्ड इजराइली नागरिकों के लिए देश का सबसे बड़ा वीरता पुरस्कार है.
याद करें कि कैप्टन स्मित मछार ने आसमान में ओमान निवासी को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी की फ्लाइट हाईजैक कराने की साजिश नाकाम की. इस मामले की जांच अभी जारी है. हम्मामी ने स्मित पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर 9/11 दोहराने की कोशिश की थी. स्मित मछार हम्मामी के हमले से बुरी तरह घायल हो गये, लेकिन बेहोश होने से पहले कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब हो गये.
इसके बाद यात्रियों ने हमला करने वाले को-पायलट को धर दबोचा. यात्रियों में शामिल दो पायलटों ने फ्लाईट को सुरक्षित हवाई अड्डे पर उतारा, जिससे आतंकी वारदात टल गयी. वर्तमान में यूएई के अस्पताल में स्मित मछार का इलाज चल रहा है. स्मित मछार की तारीफ करते हुए इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने कहा कि भारतीय पायलट को ठीक होने के बाद उन्हें सम्मानित किया जायेगा.
इजराइली इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के अनुसार हम्मामी विमान पर कब्जा कर उसे तेल अवीव ले जाकरकिसी इमारत से टकराकर क्रैश करना चाहता था. कैप्टन मछार की बहादुरी के कारण उसकी योजना नाकाम हो गयी. प्लेन में मौजूद ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतार लिया.
खबर है कि कैप्टन स्मित मछार को अमेरिकी संसद भी सम्मानित करेगी. न्यू जर्सी के सांसद जोश गॉटहाइमर ने इससे संबंधित प्रस्ताव 5 अक्टूबर को संसद में पेश किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.