- JAC ने मैट्रिक-इंटर परीक्षा 2027 के लिए आवेदन की तारीख जारी की
- 12 नवंबर से भरे जाएंगे ऑनलाइन फॉर्म
Ranchi : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की डेट जारी कर दी है. जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, मैट्रिक और इंटर के छात्र 12 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जो 26 नवंबर तक चलेगी. तय तिथि के बाद अभ्यर्थियों को फाइन लगेगा. अभ्यर्थी 27 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन कर सकेंगे.
शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि
काउंसिल ने परीक्षा शुल्क जमा करने की तिथि भी निर्धारित की है. 12 से 26 नवंबर तक आवेदन करने वाले विद्यार्थियों (बिना विलंब शुल्क) को 30 नवंबर तक ऑनलाइन या RTGS के माध्यम से परीक्षा शुल्क जमा करना होगा. वहीं 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक आवेदन करने वाले छात्रों को 7 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन शुल्क जमा करने का मौका मिलेगा.
इसे भी पढ़ें
2 नवंबर से पोर्टल पर उपलब्ध होंगे आवेदन फॉर्म
JAC की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 से काउंसलि के पोर्टल www.jac.jharkhand.gov.in पर परीक्षा के लिए फॉर्म और शुल्क की जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी. संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे आवेदन पत्र डाउनलोड कर संबंधित छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराएं, ताकि ऑनलाइन फॉर्म भरने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा सकें.
महत्वपूर्ण तिथियां
| पोर्टल पर आवेदन फॉर्म उपलब्ध | 2 नवंबर 2026 |
| बिना विलंब शुल्क आवेदन | 12 से 26 नवंबर 2026 |
| बिना विलंब शुल्क परीक्षा शुल्क जमा | 30 नवंबर 2026 तक |
| विलंब शुल्क के साथ आवेदन | 27 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 |
| विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क जमा | 7 दिसंबर 2026 तक |
संस्थानों को LOS से मिलान करने का निर्देश
काउंसिल ने सभी विद्यालयों और कॉलेजों के प्रधानों को निर्देश दिया है कि वे परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की LOS (List of Students) तैयार रखें. भरे हुए परीक्षा आवेदन पत्रों का LOS से मिलान करना भी अनिवार्य होगा, ताकि किसी विद्यार्थी का नाम छूटने या गलत जानकारी दर्ज होने की समस्या न हो.
JAC ने विशेष रूप से रजिस्ट्रेशन नंबर के इस्तेमाल में सावधानी बरतने को कहा है. अधिसूचना में बताया गया है कि कई बार संस्थानों की ओर से दूसरे विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन नंबर का इस्तेमाल कर आवेदन जमा कर दिया जाता है. इससे वास्तविक विद्यार्थी परीक्षा आवेदन भरने से वंचित रह जाते हैं और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है.
काउंसिल ने सभी संस्थान प्रधानों से समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने और विद्यार्थियों के आवेदन पत्रों की जांच करने की अपील की है. इसका उद्देश्य आवेदन प्रक्रिया के दौरान होने वाली त्रुटियों और विद्यार्थियों की समस्याओं को कम करना है.

