- *देर से पहुंची दमकल की गाड़ियां, देरी पर उठे सवाल.
Jamshedpur News: जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित रोड नंबर 17 में सोमवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. खान कॉम्प्लेक्स स्थित 99 शोरूम में रात करीब 2 बजे आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और शोरूम के साथ पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया.
आग बिल्डिंग के पार्किंग एरिया, पहले और दूसरे तल्ले तक फैल गई. इस दौरान पार्किंग में खड़ी एक बाइक और एक कार जलकर राख हो गई. आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग दहशत में आ गए. घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गए.
घटना की सूचना मिलने के बाद आजादनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं, आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की टीम को भी सूचना दी गई.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब 45 मिनट बाद दमकल की गाड़ी पहुंची. लोगों का कहना है कि दमकल की गाड़ी देर से पहुंचने के कारण आग फैलती रही और नुकसान बढ़ने की आशंका बनी रही. आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब चार घंटे का समय लगा.
शोरूम के मालिक इम्तियाज के अनुसार, इस अगलगी में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.