Jamshedpur : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-2, रोड नंबर-1 स्थित रिहायशी इलाके में शनिवार देर रात बड़ा हादसा हुआ. एक तेज रफ्तार 407 वाहन ने रात लगभग दो बजे सड़क किनारे खड़ी एक कार को जोरदार टक्कर मार दी, टक्कर इतनी तेज थी कि 407 वाहन सड़क पर ही 360 डिग्री घूम गया, जबकि कार बाउंड्री वॉल तोड़ते हुए घर की चौखट तक पहुंच गई.
हादसे में घर की बाउंड्री वॉल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, दीवार का मलबा घर के अंदर तक जा पहुंचा. तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आये. कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ.
घटना की सूचना मिलने ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरी तरह रिहायशी इलाका है, लेकिन इसके बावजूद इस सड़क से भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं. सड़क संकरी होने के साथ-साथ दोनों ओर वाहन खड़े रहने के कारण यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
बस्तीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए और नियमित रूप से यातायात की निगरानी की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें