Jamshedpur News : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात CNG भरवाने के दौरान हुए एक हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. हादसा हावड़ा ब्रिज के सामने स्थित भारत पेट्रोल पंप पर हुआ. युवक की पहचान सोनारी निवासी तुषार खामरी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तुषार की शादी करीब दो महीने बाद होने वाली थी. घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है.
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात तुषार पेट्रोल पंप पर CNG भरवा रहा था. इसी दौरान गैस का दबाव अधिक होने के कारण CNG पाइप अचानक फट गया. पाइप का नोजल तुषार के सिर के पिछले हिस्से में जोर से जा लगा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह उछलकर कुछ दूरी पर जा गिरा.
हादसे में तुषार के सिर के पीछे गंभीर चोट आई. घटना के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि CNG भरने के दौरान सुरक्षा के जरूरी इंतजाम मौजूद थे या नहीं. पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे उपकरणों और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है.
तुषार की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया. शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने परिवार को गहरा सदमा दिया है. पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.