Search

जमशेदपुर : कचरा डंपिंग यार्ड से व्यक्ति का शव बरामद, हत्या की आशंका

ROHIT KUMAR Jamshedpur  : जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत एलबीएसएम कॉलेज के पास स्थित कचरा डंपिंग यार्ड से रविवार रात एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है. युवक की पहचान गैंताडीह निवासी राजू अग्रवाल (46 वर्षीय) के रूप में हुई है. राजू का शव जहां से बरामद किया गया है, वह उसके घर से बस 500 मीटर की दूरी पर है. परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शव के पास से पुलिस ने एक बांस और पत्थर बरामद किया है. आशंका जतायी जा रही है कि राजू की हत्या पत्थर से कूचकर की गयी है.

घर से शराब लेकर निकला था राजू

राजू की पत्नी प्रियंका अग्रवाल ने बताया कि उसका पति शराब का आदि था. वह शाम को ही घर से शराब लेकर निकला था. रात को उसका साथी उसे घर पर ढूंढता हुआ आया था. जब राजू काफी देर तक घर वापस नहीं लौटा तो सभी उसे खोजने के लिए उस जगह गये, जहां वह अक्सर अपने दोस्तों के साथ शराब पीता था. उसी स्थान पर राजू का शव पाया गया. पत्नी ने बताया कि राजू अपने घर से ही राशन सप्लायी का काम करता था.

अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

इधर पुलिस ने राजू की पत्नी के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गयी है. परसुडीह थाान प्रभारी फैज अकरम ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं की गहनता से जांच कर रही है. कहा कि अवैध संबंध को लेकर भी जांच की जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि राजू का पर्स और एक मोबाइल गायब है, जिसे तलाशा जा रहा है. पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp