Search

जमशेदपुर : बीएड प्रवेश परीक्षा केंद्र के बाहर छूट गये अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, परीक्षा में शामिल करने की मांग

Jamshedpur  : जमशेदपुर के ग्रेजुएट कॉलेज परीक्षा केंद्र पर रविवार को बीएड, एमएड और बीपीएड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई. कई अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलने पर उन्होंने केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और परीक्षा प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया.

 

जानकारी के अनुसार परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 10:15 बजे निर्धारित था, जबकि परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होनी थी. कई अभ्यर्थियों का कहना है कि वे परीक्षा शुरू होने से पहले ही कॉलेज परिसर पहुंच गए थे, लेकिन प्रवेश द्वार पर दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताओं के कारण उन्हें समय पर अंदर नहीं जाने दिया गया.

 

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि गेट पर मौजूद कर्मियों ने उन्हें इंतजार करने के लिए कहा, जिससे उनका समय बर्बाद हो गया. उनका कहना है कि परीक्षा शुरू होने से कुछ मिनट पहले कुछ छात्रों को जल्दबाजी में प्रवेश दे दिया गया, जबकि कई अन्य अभ्यर्थियों को बाहर ही रोक दिया गया. इसी बात को लेकर छात्रों में नाराजगी फैल गई.

 

विरोध के दौरान कुछ छात्र कॉलेज के मुख्य गेट पर चढ़ गए और परीक्षा में शामिल करने की मांग करने लगे. कुछ अभ्यर्थियों ने गेट कूदकर अंदर जाने का भी प्रयास किया. छात्रों का कहना था कि वे भले ही रिपोर्टिंग समय से कुछ मिनट देरी से पहुंचे हों, लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र पर मौजूद थे. इसके बावजूद उन्हें परीक्षा देने का अवसर नहीं दिया गया.

 

अभ्यर्थियों का कहना है कि इस कारण उनका एक पूरा शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है. छात्रा प्रिया सिंह, हाजरा खातून, जियासवारी दास और ज्योति सहित कई छात्रों ने आरोप लगाया कि मामूली देरी को आधार बनाकर उन्हें परीक्षा से वंचित कर दिया गया. उन्होंने परीक्षा प्रबंधन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने और प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//