Search

 
 
 

जमशेदपुर एफसी ने चौंकाया, स्कॉटिश फारवर्ड ग्रेग स्टुअर्ट और गोवा के इशांत पंडिता को किया गया साइन

 
Jamshedpur : आगामी आईएसएल सीजन के लिए जमशेदपुर एफसी की ओर से किए गए दो साइनिंग ने सबको चौंका दिया है. पिछली बार एफसी गोवा में सुपर सब के तौर पर खूब तारीफें बटोरने वाले फॉरवर्ड खिलाड़ी इशांत पंडिता को जमशेदपुर एफसी ने 60 लाख रुपए की ट्रांसफर फीस अदा कर अपनी टीम में शामिल कर लिया है. वहीं दूसरी ओर विदेशी खिलाड़ी के तौर पर स्कॉटिश प्रिमीयरशिप की महत्वपूर्ण टीम रेंजर्स के वर्तमान सेंटर फॉरवर्ड ग्रेग स्टुअर्ट को भी जमशेदपुर एफसी में अधिकृत तौर पर साइनिंग हो गई है. 31 वर्षीय ग्रेग स्टुअर्ट इससे पहले स्कॉटलैंड की कई प्रीमियम टीम का हिस्सा रह चुके हैं. उनकी वर्तमान मार्केट प्राइस 3.3 करोड़ रुपए है. यह जमशेदपुर एफसी की ओर से काफी बड़ी और महत्वपूर्ण साइनिंग मानी जा रही है. गौरतलब है कि जमशेदपुर एफसी के कोच ओवेन कॉयले और वर्तमान कप्तान पीटर हार्टली भी स्कॉटलैंड के हैं. यह पहला मौका होगा जब ग्रेग स्टुअर्ट अपने देश स्कॉटलैंड के बाहर किसी टीम के लिए खेलेंगे.

एफसी गोवा में सुपर सब के तौर पर नाम कमाया इशांत पंडिता ने

दूसरी ओर, 23 साल के फॉरवर्ड खिलाड़ी इशांत पंडिता के जमशेदपुर एफसी में शामिल होने के बाद आक्रमण की धार और मजबूत होने की उम्मीद है. गौरतलब है कि इशांत पंडिता एफसी गोवा में शामिल होने के पहले स्पेन के क्लब के लिए खेलते थे. पिछले आईएसएल सीजन में एफसी गोवा के कोच जुआन फेरांडो ने उन्हें सुपर सब के तौर पर प्रयोग किया और वे काफी सफल भी रहे. पंडिता ने एफसी गोवा के लिए एएफसी चैंपियंस लीग में भी पांच मुकाबलों में शुरुआत भी की थी. ओमान के दौरे पर गई भारतीय टीम में भी इशांत पंडिता शामिल किए गए थे, लेकिन उनके लिए बुरी खबर शुक्रवार को आई जब वे नेपाल के साथ होने जा रहे मैत्री मुकाबले के लिए भारतीय टीम के लिए नहीं चुने गए. हालांकि पहले चर्चा थी कि एफसी गोवा इशांत पंडिता के कांट्रैक्ट को दो साल के लिए बढ़ाने जा रहा है लेकिन जमशेदपुर एफसी की पहल के बाद उसने 60 लाख की ट्रांसफर फीस लेकर उसे जाने देने का फैसला लिया.

आक्रमण पंक्ति को जमशेदपुर एफसी ने किया बेहद मजबूत

इन दो साइनिंग की बदौलत अब तक जमशेदपुर एफसी का आक्रमण काफी मजबूत दिख रहा है. वाल्सकिस, जॉर्डन मूरे, ग्रेग स्टुअर्ट, इशांत पंडिता आक्रमण पंक्ति को धार देते दिख रहे हैं. वहीं साथ ही जमशेदपुर एफसी ने पीटर हार्टली और एलेक्स लीमा को भी टीम में जोड़े रखने में कामयाबी हासिल की है. कोमल थटाल को भी एटीके मोहन बगान से लाया गया हे. अनस की फिर से जमशेदपुर एफसी में वापसी हुई है, वहीं युवा खिलाड़ी पीसी लालदीपुइया के भी आने से टीम मजबूत हुई है. कुल मिलाकर देखा जाए तो इस बार जमशेदपुर एफसी आईएसएल के अंतिम चार में पहुंचने के लिए पूरा जोर लगा रही है. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही