Search

 
 
 

Jamshedpur News : ड्रग्स तस्कर मो. खुर्शीद समेत 10 गिरफ्तार, हत्या की साजिश नाकाम

जमशेदपुर पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए कुख्यात तड़ीपार अपराधी और ड्रग्स तस्कर मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से दो देसी पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस व खोखा बरामद किया है
 
गिरफ्तार आरोपियों के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी.

Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए कुख्यात तड़ीपार अपराधी और ड्रग्स तस्कर मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से दो देसी पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस व खोखा बरामद किया है. पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर बड़ी वारदात टाल दी गई.

 


सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 21 जुलाई को एसएसपी को सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी के पास खरकई नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे मो. खुर्शीद अपने साथियों के साथ अपराधी मो. निजाम की हत्या की योजना बना रहा है. इसके बाद डीएसपी (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई.


पुलिस ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़, मो. शहजादा, मो. इकबाल, अरसील शेख उर्फ अस्तर व मो. रिजवान उर्फ कैफ को गिरफ्तार किया. तलाशी में मो. शहजादा के पास से एक देसी पिस्टल, मैगजीन व चार जिंदा कारतूस बरामद किए.


गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ईदगाह मैदान के पास छापेमारी कर मो. फैसल उर्फ अरमान, आफताब खान उर्फ गिड्डुआ बच्चा, मो. अरबाज खान, मो. सितारे और एक नाबालिग को दबोच लिया. उनकी निशानदेही पर शिव घाट स्थित रिसाइक्लिंग प्लांट के पास छिपाकर रखा गया एक देसी पिस्टल व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए. वहीं, पटनहिया मोहल्ला मैदान के पास से एक जिंदा कारतूस व एक खोखा बरामद किया गया. जांच में सामने आया कि इसी स्थान पर 19 जुलाई को फायरिंग की गई थी.


पूछताछ में मो. खुर्शीद ने पुलिस को बताया कि वह ड्रग्स तस्करी से जुड़ा रहा है और पहले मो. निजाम का साथी था. पुलिस के अनुसार, ब्राउन शुगर के कारोबार में करीब 15 से 16 लाख रुपये के लेन-देन व निजी विवाद के चलते दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई थी.


जांच में यह भी सामने आया कि खुर्शीद की गैरमौजूदगी में उसकी प्रेमिका निखत परवीन उर्फ पूजा ने मो. निजाम से शादी कर ली थी, जिससे विवाद और गहरा गया. वहीं मो. शहजादा ने भी निजी रंजिश के चलते गिरोह का साथ देने और हथियार खरीदने में सहयोग करने की बात स्वीकार की.


पुलिस के मुताबिक, मो. खुर्शीद के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी समेत कई संगीन मामलों में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल पूरे नेटवर्क व गिरोह के सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही