Search

 
 
 

Jamshedpur News : शादी की तैयारियों के बीच गोलमुरी में युवक की रहस्यमय मौत

गोलमुरी थाना क्षेत्र के सरस्वती नगर गाड़ाबासा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतक की पहचान फ्रांसिस बाकची उर्फ सोनू के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है.
 

Jamshedpur : गोलमुरी थाना क्षेत्र के सरस्वती नगर गाड़ाबासा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतक की पहचान फ्रांसिस बाकची उर्फ सोनू के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. 

 

जानकारी के अनुसार सोनू सरस्वती नगर गाड़ाबासा स्थित स्वर्गीय कामेश्वर झा के मकान में किराए पर रहता था. उसकी अचानक मौत की खबर से स्थानीय लोग और परिचित भी स्तब्ध हैं. बताया जा रहा है कि सोनू की शादी परसुडीह के करंडी क्षेत्र की एक युवती से तय हुई थी.

 

परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और सभी लोग उत्साहित थे. लेकिन शादी से पहले हुई इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोनू पहले भी एक वैवाहिक रिश्ते में रह चुका था, जो बाद में समाप्त हो गया था.

 

पड़ोसियों और परिचितों का कहना है कि पिछले कुछ समय से वह आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था. शादी और अन्य जरूरी खर्चों को लेकर वह चिंतित रहता था. कई लोगों से उसने आर्थिक तंगी का जिक्र किया था. बताया जाता है कि पैसों की व्यवस्था के लिए उसने अपनी मारुति डिजायर कार भी करीब दो लाख रुपये में बेच दी थी.

 

फ्रांसिस बाकची पहले एयरबेस लॉजिस्टिक्स में कार्यरत था. बाद में वह गम्हरिया स्थित बीएमडब्ल्यू आईएसएल के यार्ड में काम कर रहा था. क्षेत्र में उसकी पहचान एक मेहनती और मिलनसार युवक के रूप में थी.

 

मृतक अपने पीछे एक भाई और एक बहन को छोड़ गया है. घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. घर पर रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ जुटी हुई है. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में वह मानसिक तनाव में नजर आ रहा था.

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही