- विक्की, गजनी और बिट्टू मछली पकड़ने गए थे नदी
Jamshedpur News : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित सुवर्णरेखा नदी में शुक्रवार देर रात नाव पलटने से दो युवक तेज बहाव में बह गए. हादसे के बाद से दोनों लापता हैं. शनिवार सुबह से स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की मदद लेने की भी तैयारी की जा रही है.
लापता युवकों की पहचान बारीडीह मीरा पथ निवासी अमित कुमार उर्फ गजनी और जमशेदपुर स्कूल के पास रहने वाले अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों अच्छे तैराक थे और अक्सर सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने जाते थे.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात दोनों अपने साथी विक्की के साथ नाव से मछली पकड़ने नदी में गए थे. नदी के बीच पहुंचने के दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई. हादसे के बाद विक्की किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया, लेकिन अमित और बिट्टू तेज बहाव में बह गए.
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय युवकों ने रात में ही नदी किनारे दोनों की तलाश शुरू कर दी. युवकों ने लुआबासा पुल तक खोजबीन की. लेकिन अंधेरा और नदी का तेज बहाव होने के कारण पानी में उतरकर खोजना संभव नहीं था.
शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया. घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची है. इसके अलावा नदी तट पर दोनों युवकों के परिजनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी है.
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया. फिलहाल नदी में दोनों युवकों की तलाश जारी है. वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.