Jamshedpur News : जमशेदपुर के बर्मामाइंस क्षेत्र में स्टार टॉकीज के पास मंगलवार को टाटा स्टील की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई. 17 दुकानों को बुलडोजर से तोड़ दिया गया. कार्रवाई के दौरान टाटा स्टील की SRT टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा. सुबह करीब 11:30 बजे से बुलडोजर चलाकर दुकानों को खाली कराने की कार्रवाई शुरू की गई.
दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध भी किया. उनका आरोप है कि उन्हें पहले किसी तरह का नोटिस नहीं दिया गया और अचानक उनकी दुकानों को तोड़ दिया गया. दुकानदारों का कहना है कि वर्ष 2007 में टाटा स्टील ने ही उन्हें स्टार टॉकीज के पास से हटाकर वर्तमान स्थान पर बसाया था. उस समय उन्हें यहां दुकान लगाने की अनुमति दी गई थी और वे लंबे समय से इसी जगह पर अपना कारोबार कर परिवार चला रहे थे. अब अचानक दुकानों को हटाए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.
दुकानदारों ने सवाल उठाया कि यदि उन्हें हटाया जाना था तो पहले इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई. उनका कहना है कि वर्षों से दुकान चलाने के बाद बिना किसी पूर्व सूचना के बुलडोजर चलाना उचित नहीं है. कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार अपनी दुकानों से सामान निकालते नजर आए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.