Jamshedpur News : बिष्टुपुर के रामदास भट्ठा ग्वालाबस्ती से बछड़ा चोरी होने पर शुक्रवार देर रात जुगसलाई इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. सगुआ होटल और ईदगाह मैदान के आसपास दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद झड़प हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्यूआरटी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
बताया जा रहा है कि ग्वालाबस्ती से बछड़ा चोरी होने के बाद पशुपालक उसकी तलाश करते हुए जुगसलाई के सगुआ होटल के पास पहुंचे थे. वहां उसने मवेशी को लेकर लोगों ने पूछताछ शुरू की.
इसी दौरान कुछ लोगों के साथ उनकी कहासुनी हो गई. इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. स्थिति बिगड़ने पर जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी पुलिस बल के साथ पहुंचे. भीड़ बढ़ने और माहौल उग्र होने के बाद डीएसपी सुमित कुमार के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल और क्यूआरटी की टीमें बुलायी गईं. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया.
स्थानीय लोगों की ओर से हवाई फायरिंग किए जाने की भी चर्चा है. प्रत्यक्षदर्शियों ने दो से तीन राउंड फायरिंग का दावा किया है, जबकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर फायरिंग की पुष्टि नहीं की है. पुलिस के अनुसार स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया.
पुलिस ने कथित तौर पर मवेशी चोरी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है. इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि विवाद में शामिल लोगों और बछड़ा चोरी के आरोपियों की पहचान की जा सके.
फिलहाल ईदगाह मैदान, सगुआ होटल और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल और क्यूआरटी की तैनाती की गई है. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है.