Himangshu karan
Baharagora News: जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत ब्राह्मणकुंडी पंचायत के पांचबड़िया से घासपदा जाने वाली मुख्य सड़क पर बनी पुलिया लगातार बारिश के कारण डूब गई है, जिसके ऊपर करीब चार फीट पानी बहने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. इस वजह से ताड़ूया, गाम्हरिया, कुलिया और पांचबड़िया गांव के ग्रामीणों को ब्राह्मणकुंडी व घासपदा जाने के लिए करीब पांच किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ रहा है.
जमशेदपुर की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों, स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी केंद्र जाने वाले छोटे बच्चों की हो रही है, जिन्हें आपात स्थिति में भी लंबा रास्ता तय कर अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के काफी नीचे होने के कारण हर साल मानसून में यह समस्या पैदा होती है.
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है. ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से जनहित में इस पुलिया को ऊंचा उठाकर नए सिरे से स्थायी निर्माण कराने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें