Jamshedpur : जमशेदपुर शहर में बढ़ती छिनतई की घटनाओं के बीच सोमवार की शाम सिदगोड़ा सूर्य मंदिर के पास पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम जब दो संदिग्ध युवकों का पीछा कर रही थी, तभी बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से पिस्टल बरामद की गई है.
जानकारी के मुताबिक, दोपहर में टेल्को घड़ी पार्क के पास एक महिला से बाइक सवार दो युवकों ने छिनतई की थी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में जांच और गश्त तेज कर दी. इसी दौरान पुलिस की नजर संदिग्ध युवकों पर पड़ी. पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों भागने लगे.
भागने के दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी. अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और एक आरोपी को पकड़ लिया. उसके पास से पिस्टल बरामद होने की बात सामने आ रही है. दूसरे आरोपी के बारे में अभी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है.
सूत्रों का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी शहर में हुई 15 से अधिक छिनतई की घटनाओं में शामिल रहा है. इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. फरार आरोपी की तलाश में भी छापेमारी जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही जिले के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई. एसपी समेत सिदगोड़ा, साकची, बिस्टुपुर और टेल्को थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और पूरे मामले की निगरानी करते रहे. सिदगोड़ा में पुलिस पर फायरिंग की इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment