Jamshedpur : मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 पर बुधवार सुबह एक खड़ी बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. यह घटना राज मोबाइल के पास हुई, जहां सड़क किनारे खड़ी बस देखते ही देखते आग की चपेट में आ गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर राख हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय बस से धुआं निकलता दिखाई दिया. इसके बाद आग तेजी से फैल गई और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. आग इतनी भीषण थी कि बस को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका.
जानकारी के मुताबिक, संबंधित बस को रोजाना रात में इसी स्थान पर पार्क किया जाता था और सुबह निर्धारित रूट पर चलाया जाता था. घटना के समय बस खाली थी और सड़क किनारे खड़ी थी. आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से लगी.
आग की चपेट में आने से पास में लगा बिजली विभाग का एक पोल और कई विद्युत तार भी क्षतिग्रस्त हो गए. तारों के जल जाने से आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है. बिजली विभाग को भी इसकी सूचना दे दी गई है.
हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती, तो आसपास की दुकानों और अन्य वाहनों तक भी फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था.फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें