Jamshedpur News : जमशेदपुर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य विक्रेताओं के खिलाफ अभियान शुरू किया है. फूड सेफ्टी की टीम ने शहर के होटलों, विठाई दुकानों समेत अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में छापेमारी की. इस दौरान होटलों में अंडे और मछली से तैयार खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंगों के इस्तेमाल का मामला सामने आया. गड़बड़ी मिलने पर टीम ने ऐसे अंडों और मछलियों को नष्ट करवा दिया.
दरअसल, खाद्य पदार्थों में मिलावट और प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत नामकुम से आई मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर की दुकानों और खाद्य स्टॉलों पर पहुंचकर खाने-पीने की चीजों की जांच कर रही है. टीम खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता के साथ उनमें इस्तेमाल किए जा रहे रंगों की भी जांच कर रही है.
जांच के दौरान अंडों और मछली से तैयार खाद्य पदार्थों में ऐसे रंगों का इस्तेमाल पाया गया, जो खाने योग्य नहीं हैं. इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मानते हुए अधिकारियों ने संबंधित खाद्य सामग्रियों को नष्ट करा दिया. साथ ही दुकानदारों और खाद्य विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी गई कि खाने-पीने की चीजों में अखाद्य रंगों या मिलावटी सामग्री का इस्तेमाल किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के हानिकारक रंगों वाले खाद्य पदार्थों का सेवन लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है और इससे कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं. फिलहाल विभाग की ओर से गड़बड़ी करने वाले विक्रेताओं को चेतावनी देकर अमानक खाद्य सामग्री नष्ट कराई जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.