Jamshedpur News : बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में लगे मेले में रविवार रात हादसा हो गया. यहां मौत का कुआं में करतब दिखाने के दौरान बाइक में अचानक आग लग गई. आग की चपेट में आने से बाइक चला रही युवती झुलस गई. वहीं बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इसे भी पढ़ें
फिलहाल बाइक में आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. बता दें कि मौत का कुआं लकड़ी के ढांचे से बनाया जाता है. अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता और वह लकड़ी तक फैल जाती, तो भारी जानमाल का नुकसान हो सकता था.
घटना के बाद मौत का कुआं में करतब दिखाने वाले कलाकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. यह भी सवाल उठ रहे हैं कि मेले में इस तरह के खतरनाक करतबों की अनुमति देने से पहले सुरक्षा की जांच की गई थी या नहीं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

