Jamshedpur News : जमशेदपुर शहर में ड्रग्स के अवैध कारोबार और सट्टेबाजी पर रोक लगाने के लिए विधायक सरयू राय ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने एसएसपी से फोन पर बात कर एक सप्ताह के भीतर संबंधित मामलों में कार्रवाई कर इसकी जानकारी देने को कहा. स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार और सट्टेबाजी जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई जरूरी है.
इस मुद्दे पर गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित सरयू राय के आवासीय कार्यालय में बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक अधिकारी (एलाइड) मनोज सिंह ने की. इसमें शहर में ड्रग्स के अवैध कारोबार और सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई के साथ जनसहयोग से अभियान चलाने की रणनीति पर चर्चा की गई.
बैठक के दौरान सरयू राय ने एसएसपी से पूछा कि पहले पुलिस को दी गई सूचनाओं के आधार पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है. इस पर एसएसपी ने बताया कि दुर्गा पूजा सहित अन्य कार्यक्रमों में व्यस्तता के कारण अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी. उन्होंने आगे आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया.
इसके बाद सरयू राय ने एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर उसकी जानकारी देने को कहा. उन्होंने जोर दिया कि ड्रग्स के अवैध कारोबार और सट्टेबाजी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि इन गतिविधियों पर रोक लग सके.
बैठक में इन दोनों समस्याओं के खिलाफ संगठित अभियान चलाने पर सहमति बनी. इसके लिए एक विशेष नाम तय किया जाएगा और अभियान के संचालन तथा समन्वय के लिए समिति गठित की जाएगी. मनोज सिंह ने बताया कि अभियान का नाम और समिति की संरचना जल्द घोषित की जाएगी. इसके बाद तय योजना के अनुसार अभियान की गतिविधियां आगे बढ़ाई जाएंगी. बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अमित शर्मा, विकास साहनी, उषा यादव, अरविंद कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.