Jamshedpur News : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सुनसुनिया गेट के पास मंगलवार देर रात सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार 27 वर्षीय सागर गोप की मौत हो गई. हादसा इतना गंभीर था कि सागर ट्रेलर के दोनों पहियों के बीच फंस गया और ट्रेलर उसे करीब 30 से 40 मीटर तक घसीटते हुए ले गया.
जानकारी के अनुसार, सागर बर्मामाइंस की ओर से बाइक से साकची जा रहा था. सुनसुनिया गेट के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद सागर ट्रेलर के पहियों के बीच फंस गया और ट्रेलर उसे करीब 30 से 40 मीटर तक घसीटते हुए ले गया.
हादसा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ट्रेलर को रुकवाया. काफी मशक्कत के बाद सागर को पहियों के बीच से बाहर निकाला गया. गंभीर हालत में उसे तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

बाइक सवार सागर गोप
घटना की सूचना मिलने पर बर्मामाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और लोडेड ट्रेलर को जब्त कर थाना ले गई. हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया. सागर परसुडीह के बारीगोड़ा का रहने वाला था और बर्मामाइंस की एक कंपनी में हेल्पर का काम करता था. वह अपने पिता का इकलौता बेटा था.
जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं उसकी मौत की खबर से बस्ती के लोग भी सदमे में हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुनसुनिया गेट पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें