Jamshedpur News: खरकई नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद डैम का पानी छोड़े जाने से कदमा के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई है. इसी बीच शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 निवासी 18 वर्षीय टीपू खान के पानी के तेज बहाव में बहने की सूचना है.
जमशेदपुर की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
तेज बहाव में लापता हुआ 18 वर्षीय टीपू
बताया जा रहा है कि टीपू अपना घर लॉक कर सुरक्षित स्थान पर जाने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक घंटे से टीपू का कोई पता नहीं चल पाया है. लोग आसपास के इलाकों और नदी के पास उसकी तलाश कर रहे हैं.
प्रशासन पर नाराजगी, रेस्क्यू की मांग
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है. लोगों का आरोप है कि डैम से पानी छोड़े जाने की पर्याप्त सूचना नहीं दी गई, जिससे लोगों को संभलने का समय नहीं मिला. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर टीपू की तलाश कराने की मांग की है. विधायक सरयू राय की भूमिका को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.फिलहाल टीपू की तलाश जारी है और उसके सुरक्षित मिलने का इंतजार किया जा रहा है.
