Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियों का जायजा लिया. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों की टीम ने विभिन्न पूजा पंडालों और स्वर्णरेखा नदी घाट का निरीक्षण किया.
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और नदी घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई. पुलिस टीम ने पोटका थाना क्षेत्र के हाता, कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर, जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के जादूगोड़ा चौक और मुसाबनी थाना क्षेत्र के बदिया लटिया स्थित विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया.
इसके अलावा बेनाशोल स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट का भी जायजा लिया गया. निरीक्षण के दौरान घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक और संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करते हुए जरूरी तैयारियों की जानकारी ली.
निरीक्षण के बाद पुलिस अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्हें पूजा के दौरान सतर्क रहने, भीड़ को नियंत्रित करने और पंडालों व नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया. पुलिस का उद्देश्य है कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो.