Jamshedpur News: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित ग्वाला बस्ती में रंगदारी न देने पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने और पिस्तौल दिखाकर धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़ित 25 वर्षीय प्रियांशु गुप्ता ने आरोपी रविंद्र ठाकुर के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित ने अपने और परिवार के लिए जान-माल का खतरा जताते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
रास्ते में रोककर मांगी रंगदारी, फिर की मारपीट
शिकायत के मुताबिक घटना सोमवार शाम 6 से 7 बजे के बीच की है. ग्वाला बस्ती चौक पर आरोपी रविंद्र ठाकुर ने प्रियांशु को रोक लिया और उससे 5,000 रुपये रंगदारी मांगने लगा. जब प्रियांशु ने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने उसे अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी.
चापड़ से किया हमला, पिस्तौल तानकर दी धमकी
विवाद यही खत्म नहीं हुआ. रात करीब 9 बजे प्रियांशु जब एमजीएम अस्पताल जा रहा था, तब डिमना चौक के पास आरोपी ने उसे फिर से घेर लिया. आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने चापड़ से उस पर जानलेवा हमला कर दिया और फिर पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी दी, जिससे पीड़ित दहशत में आ गया.
तीन दिन पहले ही जेल से बाहर आया है आरोपी
पीड़ित ने बताया कि आरोपी क्षेत्र में गुंडागर्दी और अवैध हफ्ता वसूली में शामिल रहता है. वह तीन दिन पहले ही फायरिंग के एक मामले में जेल से छूटकर बाहर आया है. फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.