Jamshedpur News : 7 नवंबर को सड़क हादसे में घायल जमशेदपुर सिविल कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता भगवान दास (65) की टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में इलाज के दौरान मौत हो गई. कदमा स्थित ईसीसी फ्लैट में रहने वाले भगवान दास का आज बुधवार को ही अंतिम संस्कार किया गया. उनकी मौत के बाद जमशेदपुर सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं ने शोक प्रकट किया और इसे अपूरणीय क्षति बताया है.
कीनन स्टेडियम के पास हुआ था सड़क हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर को कीनन स्टेडियम के समीप भगवान दास सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. हादसे में उनके सिर पर गहरी चोट आई थी. घटना के बाद उन्हें तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था. चार दिनों तक इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और बुधवार को उनका निधन हो गया.
अधिवक्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
वरिष्ठ अधिवक्ता भगवान दास के निधन से जमशेदपुर के अधिवक्ताओं में शोक है. सिविल कोर्ट के कई अधिवक्ताओं ने उनके निधन पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की. साथ ही शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की कामना की.