Jamshedpur : जमशेदपुर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई. बागबेड़ा थाना क्षेत्र के टाटानगर स्टेशन मुख्य सड़क पर चाईबासा बस स्टैंड के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया.
मृतक की पहचान संजय नगर निवासी कल्लू यादव (25) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि कल्लू स्टेशन क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था. उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है. वह मजदूरी करके अपने दो भाई और एक बहन का भरण-पोषण करता था. हादसे के बाद परिवार और आसपास के लोगों में मातम का माहौल है.
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात कल्लू सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान हाता की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर एनएल 01 एडी 8913 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना में शामिल ट्रेलर पर पन्नू कार्गो मूवर्स लिखा हुआ है.
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
भारी वाहनों की रफ्तार पर फिर उठे सवाल
यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब जमशेदपुर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. गुरुवार को ही मरीन ड्राइव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था. इसके ठीक अगले दिन स्टेशन मुख्य सड़क पर एक युवक की जान चली गई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर भारी वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हुआ और रात में इनकी रफ्तार पर सख्ती नहीं की गई, तो सड़क हादसों का यह सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है. रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले भारी वाहन चालकों की तेज रफ्तार आम लोगों के लिए लगातार खतरा बनी हुई है.