Jamtara News : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत जारी नोटिस के बाद जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर नारायणपुर अंचल कार्यालय में आवेदकों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है.
सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग प्रमाण पत्र बनवाने और लंबित आवेदनों की स्थिति जानने के लिए अंचल कार्यालय पहुंच रहे हैं. इससे कार्यालय परिसर में दिनभर भीड़ और अव्यवस्था जैसी स्थिति बनी रहती है.
बताया जाता है कि नारायणपुर प्रखंड में कुल 25 पंचायतें है. जबकि राजस्व संबंधी कार्य महज दो राजस्व कर्मचारियों के भरोसे चल रहा है. SIR के तहत नोटिस मिलने के बाद जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र की आवश्यकता अचानक बढ़ जाने से कर्मचारियों पर काम का अतिरिक्त दबाव पड़ गया है.

अंचल कार्यालय में लोगों की भीड़
35 हजार आवेदन लंबित, रोजाना 500 की जांच
जानकारी के अनुसार, नारायणपुर अंचल में जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित करीब 35 हजार आवेदन लंबित हैं. अंचल स्तर पर प्रतिदिन लगभग 500 आवेदनों की जांच और निपटारा किया जा रहा है. इसके बावजूद लंबित आवेदनों की संख्या अधिक होने के कारण आवेदकों को प्रमाण पत्र के लिए इंतजार करना पड़ रहा है.
SIR नोटिस के बाद बड़ी संख्या में लोगों को निर्धारित समय के भीतर दस्तावेज उपलब्ध कराने की चिंता है. इसी वजह से लोग सुबह से ही अंचल कार्यालय पहुंच रहे हैं. कई आवेदकों को आवेदन की स्थिति जानने और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी लेने के लिए भी कार्यालय के चक्कर लगाना पड़ रहा है.
कर्मचारियों की कमी बनी बड़ी बाधा
25 पंचायतों और हजारों आवेदनों के मुकाबले महज दो राजस्व कर्मचारियों की उपलब्धता को लेकर कर्मचारियों पर काम का दबाव साफ दिखाई दे रहा है. एक ओर नियमित राजस्व कार्य हैं, वहीं दूसरी ओर SIR से जुड़े दस्तावेजों और प्रमाण पत्रों की मांग बढ़ने से कार्यभार और बढ़ गया है.
आवेदकों का कहना है कि SIR के कारण प्रमाण पत्र की जरूरत तत्काल पड़ रही है. ऐसे में यदि कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर अतिरिक्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए तो लंबित आवेदनों के निपटारे में तेजी आ सकती है और लोगों को बार-बार अंचल कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है.