Jamtara : जामताड़ा डीसी आलोक कुमार के निर्देश पर शनिवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में अधिकारियों ने पंचायतों में संचालित योजनाओं की जांच की. डीआरडीए निदेशक विजय कुमार ने चंदड़ीह-लखनपुर पंचायत का निरीक्षण किया. निरीक्षण में कई योजनाओं में भारी लापरवाही व भ्रष्टाचार उजागर हुआ.
डीआरडीए निदेशक सबसे पहले पंचायत भवन पहुंचे. उन्होंने पंचायत सचिव व मुखिया से पंचायत में चल रहीं योजनाओं की जानकारी ली. पंचायत सचिव योजनाओं की सही जानकारी नहीं दे पाए. पंचायत भवन नियमित रूप से खोलने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने स्वीकार किया कि भवन कभी-कभार ही खोला जाता है. इस पर निदेशक ने नाराजगी जताई.
बनते ही उखड़ने लगी नाली
इसके बाद निदेशक ने 15वें वित्त आयोग मद से चंदड़ीह-लखनपुर नाली निर्माण का जायजा लिया. उन्होंने पाया कि नाली निर्माण के कुछ ही समय बाद उखड़ने लगी है. उन्होंने घटिया निर्माण को लेकर नाराजगी जाहिर की. गोकुला गांव के लाभुक तुलसी भंडारी के तालाब निर्माण की जांच में सामने आया कि तालाब की गहराई मात्र छह फीट है. जबकि कर्मियों ने लगभग चार लाख रुपये की निकासी कर ली है.
स्वास्थ्य उपकेंद्र में गदंगी देख भड़के निदेशक
स्वास्थ्य उपकेंद्र काली पहाड़ी के निरीक्षण में कई खामियां सामने आईं. वहां सीएचओ सरिता महतो मिलीं. दो अन्य एएनएम टीकाकरण कार्य से बाहर गई थीं. प्रसूती कक्ष की स्थिति बेहद खराब मिली. अन्य कमरों में भी गंदगी थी. इस पर डीआरडीए निदेशक ने स्वास्थ्य कर्मियों को फटकार लगाते हुए साफ-सफाई व व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया.
ज्ञान केंद्र के नाम पर लूट, समान गायब
अंत में डीआरडीए निदेशक पुनः पंचायत भवन पहुंचे और वहां संचालित ज्ञान केंद्र की जांच की. वहां बड़े पैमाने पर अनियमितता और राशि की बंदरबांट का मामला सामने आया. जानकारी के अनुसार मुखिया, पंचायत सचिव व कनीय अभियंता ने खरीदारी के लिए 4 लाख 20 हजार रुपये की निकासी की थी. वाउचर में पांच अलमारी, 40 कुर्सियां, दो कंप्यूटर डेस्क, दो प्रिंटर व करीब 1 लाख 20 हजार रुपये की किताबें दर्शाई गई थीं. लेकिन केंद्र में ये सब सामान गायब मिले. कमरे में कुछ गिनी-चुनी किताबें, दो टेबल, दो कंप्यूटर, दो कुर्सी और एक एलसीडी पाई गई.
निरीक्षण के बाद डीआरडीए निदेशक ने संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को कड़ी चेतावनी दी. कहा कि सभी मामलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर डीसी को सौपेंगे.

ज्ञान केंद्र का निरीक्षण करते डीआरडीए निदेशक
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment