- अवैध शराब की भट्ठियां ध्वस्त, धंधेबाज फरार
Jamtara News : जामताड़ा जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बुधवार को छापेमारी अभियान चलाया. उत्पाद विभाग और पुलिस की टीम ने नारायणपुर से लेकर जामताड़ा तक के विभिन्न गांवों में एक साथ दबिश दी. टीम ने अवैध शराब निर्माण के ठिकानों का भंडाफोड़ करते हुए कई भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया. इस दौरान करीब 100 मिट्टी के घड़ों में तैयार ‘पचवाई’ शराब (चावल से निर्मित) बरामद की गई.
इसे भी पढ़ें
जिला उत्पाद अधीक्षक कुंदन कुमार कौशल के नेतृत्व में गठित टीम ने सबसे पहले नारायणपुर थाना क्षेत्र के नयाडीह गांव में छापेमारी की. यहां लंबे समय से अवैध रूप से पचवाई शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली थी. टीम की जांच में शराब भट्ठी का पता चला. अधिकारियों ने तत्काल भट्ठी को ध्वस्त कर दिया और वहां रखे करीब 100 मिट्टी के घड़ों में तैयार शराब जब्त कर ली.
इसके बाद टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह और केंदुआडीह गांव में कार्रवाई की. यहां अवैध शराब निर्माण भट्ठियों और निर्माण सामग्री को नष्ट किया गया. अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया.
छापेमारी के दौरान अवैध शराब कारोबार से जुड़े विकास मंडल और आदित्य मंडल टीम को देखकर फरार हो गए. टीम उनकी तलाश में जुटी है. अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

