Jamtara News : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, रांची के चैंबर भवन में सत्र 2025-26 की अंतिम वार्षिक बैठक के दौरान जामताड़ा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज सह संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल को उनके उत्कृष्ट संगठनात्मक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
फेडरेशन के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा व महासचिव रोहित अग्रवाल ने संजय अग्रवाल को सत्र 2024-25 व 2025-26 में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उनके समर्पित कार्यों के लिए सम्मानित किया. प्रशस्ति पत्र में कहा गया कि कार्यकारिणी समिति की प्रत्येक बैठक में उनकी शत-प्रतिशत उपस्थिति संगठन के प्रति प्रतिबद्धता, अनुशासन और दायित्वबोध का उत्कृष्ट उदाहरण रही.
बैठक में संजय अग्रवाल द्वारा संथाल परगना प्रमंडल के व्यापार व उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों, समस्याओं और सुझावों को लगातार फेडरेशन के समक्ष प्रभावी तरीके से रखने की सराहना की गई. उनके सक्रिय प्रयासों से विभिन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक पहल होने की बात भी कही गई.
फेडरेशन ने कहा कि संथाल परगना के क्षेत्रीय हितों को राज्य स्तरीय मंच तक मजबूती से पहुंचाने के साथ-साथ फेडरेशन, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में संजय अग्रवाल की भूमिका सराहनीय रही है.
सम्मान मिलने पर संजय अग्रवाल ने फेडरेशन के पदाधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि संथाल परगना के व्यापारिक समुदाय के विश्वास और सहयोग का परिणाम है. उन्होंने भविष्य में भी व्यापारी एवं उद्योग जगत की समस्याओं को मजबूती से उठाने का भरोसा दिलाया.

