Jamtara News : जामताड़ा जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. डीसी आलोक कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को नारायणपुर प्रखंड के विभिन्न लाइन होटलों में औचक जांच अभियान चलाया. इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और मानकों की जांच की गई. निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आईं.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजा कुमार और पवन चौधरी की संयुक्त टीम ने सबसे पहले पांडेडीह स्थित आरभ लाइन होटल का निरीक्षण किया. होटल बिना लाइसेंस के चलते पाया गया. टीम ने होटल में रखा चार पैकेट एक्सपायरी दही (अमूल) बरामद किया. उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया. इसके साथ पनीर और रसगुल्ले के नमूने लिये गए.
नारायणपुर के ओम साईं होटल एंड रेस्टोरेंट की जांच के दौरान पनीर का नमूना लिया गया. टीम ने किचन में साफ-सफाई और स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई. इसके बाद टीम ने बरियारपुर स्थित मंडल लाइन होटल में छापेमारी की. यहां जांच के दौरान अखाद्य रंग जब्त किए गए. पनीर का नमूना भी लिया गया. सभी नमूनों को जांच के लिए रांची स्थित लैब भेजा गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.