Search

 
 
 

Jamtara News : टोपाटांड में गैस सिलेंडर चोरी, ग्रामीणों ने संदिग्ध युवक को पकड़कर किया बंद

नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्राथमिक विद्यालय टोपाटांड में गुरुवार को गैस सिलेंडर चोरी की घटना से हड़कंप मच गया.
 

Jamtara : नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्राथमिक विद्यालय टोपाटांड में गुरुवार को गैस सिलेंडर चोरी की घटना से हड़कंप मच गया.ग्रामीणों ने विद्यालय के किचन शेड का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी करने के आरोप में एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया और उसे विद्यालय परिसर के एक कमरे में बंद कर दिया. 

 

हालांकि बाद में ग्रामीणों व विद्यालय प्रबंधन की मौजूदगी में हुई पंचायत के बाद युवक को छोड़ दिया गया.घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की बाइक पेट्रोलिंग टीम विद्यालय पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी. 

 

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए युवक को विद्यालय में बंद किए जाने की बात सामने आ रही है.इधर, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनीन्द्र मुण्ड़ा ने नारायणपुर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि बुधवार रात विद्यालय के किचन शेड का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया.

 

प्रधानाध्यापक ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 7 बजे विद्यालय पहुंचने पर बच्चों ने उन्हें किचन का ताला टूटा होने की जानकारी दी. इसके बाद विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सदस्यों एवं ग्रामीणों के साथ मिलकर चोरी गए सिलेंडर की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.

 

उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए संदिग्ध युवक और चोरी की घटना के बीच संबंध को लेकर भी पुलिस तथ्यों का सत्यापन कर रही है. जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही