Search

 
 
 

Jamtara News : पीएम आवास योजना में गड़बड़ी, लाभुक की बजाय दूसरे के खाते में पहुंची 40 हजार की किस्त

कालू मंडल को वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ स्वीकृत हुआ था. योजना के तहत मिलने वाली पहली किस्त के 40 हजार रुपये उनके खाते में आने की बजाय गांव के ही एक अन्य व्यक्ति दयाल मंडल के खाते में चली गई.
 
पीड़ित परिवार.

Jamtara : जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. मनरेगा में कथित फर्जी निकासी मामले के बाद अब प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि गलत खाते में भेजे जाने का मामला सामने आया है. हैरत की बात यह है कि शिकायत के कई दिन बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार को राहत नहीं मिल सकी है.


मामला नाला प्रखंड की कास्ता पंचायत के परिहारपुर गांव का है. गांव के कालू मंडल को वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ स्वीकृत हुआ था. योजना के तहत मिलने वाली पहली किस्त के 40 हजार रुपये उनके खाते में आने की बजाय गांव के ही एक अन्य व्यक्ति दयाल मंडल के खाते में चली गई.

 

पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्हें इस गड़बड़ी की जानकारी तब हुई जब प्रखंड कार्यालय से एक पत्र प्राप्त हुआ. पत्र में बताया गया था कि उनके खाते में आवास योजना की राशि भेजी जा चुकी है और निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी. इसके बाद परिवार ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हुआ. 


न्याय की उम्मीद में कालू मंडल और उनकी पत्नी कल्याणी मंडल ने 2 जून को जिला मुख्यालय में आयोजित जनता दरबार में भी आवेदन दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से परिवार निराश है.

 

नाला बीडीओ आकांक्षा कुमारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है. जिस व्यक्ति के खाते में राशि गई है, वह फिलहाल बाहर काम करने गया हुआ है. उससे संपर्क किया गया है. उसने घर लौटने के बाद राशि वापस करने का आश्वासन दिया है. इस पूरे मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकारी योजना की राशि लाभुक के खाते की बजाय दूसरे व्यक्ति के खाते में कैसे पहुंच गई. पीड़िता कल्याणी मंडल ने बताया कि उनके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 13 व 9 वर्ष है और    दोनों दिव्यांग हैं. परिवार पहले से आर्थिक संकट से जूझ रहा है. ऐसे में आवास योजना की राशि में हुई गड़बड़ी और कार्रवाई में देरी ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही