Jamtara News : जामताड़ा जिला पुलिस दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को लेकर अलर्ट मोड में है. एसपी शंभू कुमार सिंह ने गुरुवार को जामताड़ा शहर बाजारों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने आभूषण दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बाजारों में आम लोगों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का मुआयना किया.
एसपी ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए दुकानदारों और व्यवसायियों के साथ पुलिस की सक्रियता पर विशेष जोर दिया. पुलिस पदाधिकारियों को बाजारों गश्ती तेज करने का निर्देश दिया. खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों, आभूषण दुकानों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखें.
एसपी ने असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और थाना स्तर पर टाइगर मोबाइल और सीसीआर गश्ती दल को सक्रिय रखने का निर्देश दिया. कहा कि बाजारों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें.
इसके बाद एसपी ने जिला नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर पर्व के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की. सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का जायजा लिया गया. उन्होंने नियंत्रण कक्ष में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सीसीटीवी के माध्यम से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने, गश्ती दलों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आम लोगों से मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी जामताड़ा मनोज कुमार महतो, पुलिस निरीक्षक अब्दुल रहमान सहित जिला नियंत्रण कक्ष के पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य सुरक्षाकर्मी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.