- मुआवजा और सड़क सुरक्षा की मांग पर एनएच जाम
- रात 8:30 से 12:30 बजे तक ठप रहा आवागमन
- हाईवे पर 4-5 किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतार
Jamtara News : जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया स्थित केंदुआटांड़ के समीप सोमवार देर रात हुई सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई. मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर गोविंदपुर-साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग को करीब चार घंटे तक जाम रखा. इस दौरान उदयपुर में जतरा का उद्घाटन करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा.
वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, आकाश पबिया के उदयपुर में आयोजित जतरा देखने जा रहा था. इसी दौरान गोविंदपुर-साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. आकाश देवघर जिले के करौं थाना क्षेत्र के बांदडीह गांव का रहने वाला था.

दुर्घटनाग्रस्त बाइक
ग्रामीणों ने चार घंटे तक की सड़क जाम
युवक की मौत की खबर मिलते ही आदिवासी समुदाय के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और मुआवजा व दुर्घटना रोकने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया. रात करीब 8:30 बजे शुरू हुआ जाम लगभग 12:30 बजे तक जारी रहा. इस दौरान हाईवे के दोनों ओर करीब चार से पांच किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई.
जाम में आधा दर्जन से अधिक रात्रिकालीन यात्री बसें भी फंसी रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
मंत्री के सामने भी फूटा ग्रामीणों का आक्रोश
सड़क पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि इस स्थान पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इस पर अंकुश लगाने के लिए अब तक कोई ठोस वैकल्पिक सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि जब तक स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक शव को वहां से नहीं उठाया जाएगा.
मंत्री जैसे ही घटनास्थल पर पहुंचे लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. एबुलेंस आने में देरी होने को लेकर उन्होंने मंत्री के सामने नाराजगी जाहिर की. लोगों के विरोध और नाराजगी के बीच मंत्री वहां से निकल गए. बाद में पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आश्वासन दिया गया।.
साथ ही तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराए जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका.