Jamtara News : जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह हादसे में रेलकर्मी तुलसी रजवार की मौत हो गई. मधुपुर रलवे स्टेशन पर पॉइंट्समैन के पद पर कार्यरत तुलसी रात्रि ड्यूटी पूरी करने के बाद लोकल ट्रेन से जामताड़ा पहुंचे थे. अपने घर बेना जाने के लिए प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान वह फुट ओवरब्रिज से नीचे गिर पड़े.
गंभीर रूप से घायल तुलसी रजवार को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. तुलसी रजवार शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे लोकल ट्रेन से जामताड़ा स्टेशन पहुंचे थे. रातभर ड्यूटी करने के बाद उन्हें अपने घर बेना लौटना था. इसके लिए वह प्लेटफॉर्म संख्या दो से प्लेटफॉर्म संख्या एक की ओर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज चढ़ रहे थे. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए.
तुलसी रजवार मधुपुर स्टेशन पर कार्यरत थे और कुछ वर्षों बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे. उनके असामयिक निधन से सहकर्मियों और परिचितों में शोक का माहौल है. पुत्र लक्ष्मण रजवार ने जामताड़ा थाना में मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.