Jamtara News : जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में पुल से गिरकर एक किशोर की मौत हो गई. घटना बाथनबाड़ी गांव स्थित कारीटांड़ टोला के पास सोमवार शाम को घटी. मृतक की पहचान गांव के स्व. मनोज यादव के पुत्र अंकित यादव के रूप में हुई है.
बताया गया कि अंकित शाम के समय गांव के जोरिया की ओर गया था. इसी दौरान वह पुल से नीचे जोरिया में गिर गया. कुछ लोगों ने उसे जोरिया में गिरते देखा. स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. ग्रामीणों के अनुसार, अंकित के पिता मनोज यादव की करीब सात वर्ष पूर्व हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. पिता की मौत के बाद मां ने अपने बेटे को ही सहारा बनाकर जीवन बिताना शुरू किया था. बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मां का रो-रोकर बुरा हाल है. अंकित परिवार का इकलौता चिराग था. उसकी मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है. परिजनों के करुण क्रंदन से हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.