Jamtara News : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जमाताड़ा जिले के नारायणपुर वन क्षेत्र में पांच स्थानों पर वृक्ष रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन हुआ. कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पेड़ों की सुरक्षा के लिए सामूहिक संकल्प दिलाना था.
वनकर्मियों, वन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया. लोगों ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं. इनके संरक्षण से पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है.
कार्यक्रम में वनरक्षी दुर्गा किस्कू, वनकर्मी चंदन मंडल, संबंधित वन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. वन कर्मियों ने ग्रामीणों से सुरक्षित वन क्षेत्र में अवैध कटाई, पेड़ों को नुकसान पहुंचाने और वन संपदा के दोहन को रोकने में सहयोग करने की अपील की.
इस अवसर पर ग्रामीणों ने भी वन संरक्षण में वन विभाग का सहयोग करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के माध्यम से रक्षाबंधन पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए ‘वृक्ष हैं तो जीवन है’ का संदेश दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.