Search

 
 
 

Jamtara News :  थाने से रहस्यमय ढंग से महिला लापता, तलाश में जुटी पुलिस

जामताड़ा महिला थाना से शुक्रवार को एक महिला अचानक लापता हो गई. इस खबर से थाना परिसर में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और महिला की तलाश के लिए शहर, रेलवे स्टेशन तथा आसपास के इलाकों में सघन अभियान शुरू किया.
 

Jamtara :  जामताड़ा महिला थाना से शुक्रवार को एक महिला अचानक लापता हो गई. इस खबर से थाना परिसर में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और महिला की तलाश के लिए शहर, रेलवे स्टेशन तथा आसपास के इलाकों में सघन अभियान शुरू किया.

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायगढ़ निवासी उषा यादव बीते दिनों भटकते हुए करमाटांड़ क्षेत्र पहुंच गई थीं. स्थानीय लोगों की सूचना पर महिला पुलिस ने उन्हें अपने संरक्षण में लेकर बुधवार को जामताड़ा महिला थाना लाया था. पूछताछ के दौरान महिला से उसके परिजनों की जानकारी ली गई और परिजनों को फोन कर इसकी सूचना भी दे दी गई थी. 

 

Uploaded Image

 

पुलिस महिला के परिजनों के आने का इंतजार कर रही थी. इसी बीच शुक्रवार की सुबह जब महिला पुलिसकर्मी थाना पहुंचीं तो महिला अपने स्थान पर मौजूद नहीं मिली. इसके बाद तत्काल इसकी सूचना महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी को दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया.

 

पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और आसपास के इलाकों को अलर्ट कर दिया है. सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह और एएसआई राकेश कुमार रेलवे स्टेशन और शहर के विभिन्न इलाकों में महिला की खोजबीन कर रहे हैं. वहीं महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी पुलिस बल के साथ वाहन से आसनसोल की ओर रवाना हुईं.

 

बताया जा रहा है कि महिला ने पूर्व में पुलिसकर्मियों से आसनसोल जाने के संबंध में जानकारी ली थी, जिसके आधार पर पुलिस उस दिशा में भी तलाश कर रही है. समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया था. पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रही है और महिला का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही