Jamtara News : जामताड़ा थाना क्षेत्र के बोधबांध गांव में रविवार शाम बकरी चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया. साथ ही उसकी बाइक जब्त कर ली. हालांकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया. पकड़े गए युवक की पहचान देवघर जिला निवासी बकरूद्दीन अंसारी के रूप में हुई है.
ग्राामीणों ने बकरी लेकर भाग रहे युवकों को खदेड़ा
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रविवार शाम बोधबांध गांव निवासी गौतम बाउरी की बकरी चोरी कर भाग रहे थे. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई. बकरी चोरी होने की भनक लगते ही ग्रामीणों ने बाइक सवारों का पीछा करना शुरू कर दिया. खुद को ग्रामीणों से घिरता देख दोनों युवकों ने भागने की कोशिश की.
युवक को पेड़ से बांधकर रखा
एक युवक भागने में सफल रहा. जबकि दूसरे युवक को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया. साथ ही उसकी बाइक भी अपने कब्जे में ले ली. बकरी चोरी के आरोप में पकड़े गए युवक को ग्रामीणों ने गांव के ही एक पेड़ से रस्सी के सहारे बांध दिया. घटना की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
ग्रामीण पकड़े गए युवक के परिजनों के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे थे. समाचार लिखे जाने तक पुलिस के मौके पर पहुंचने की सूचना नहीं थी. ऐसे में पकड़ा गया युवक ग्रामीणों के कब्जे में ही था. वहीं घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया.