Search

 
 
 

Jamtara News : बेंगलुरू से गांव लौटे युवक की वज्रपात से मौत, 2 महिलाएं गंभीर

जामताड़ा के आदिवासी बहुल शहरबेरा गांव में हुए वज्रपात की घटना ने पूरे गांव को दहला दिया. सुबह करीब 11 बजे तेज बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं.
 
जामताड़ा जिले की खबरें

Jamtara : जामताड़ा थाना क्षेत्र के आदिवासी बहुल शहरबेरा गांव में मंगलवार की सुबह बारिश के दौरान हुए वज्रपात की घटना ने पूरे गांव को दहला दिया. सुबह करीब 11 बजे तेज बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. वहीं, दर्जनों ग्रामीणों को हल्का झटका लगा है. कई घरों को भी क्षति पहुंची है.

 

Uploaded Image

अस्पताल में इलाजरत घायल महिलाएं.


जानकारी के अनुसार, शहरबेरा निवासी प्रदीप पावरिया बेंगलुरू में काम करते थे. वह कुछ दिन पहले ही घर लौटे थे, मंगलवार की सुबह वह अपनी मौसी बहा मुनी पावरिया के साथ एस्बेस्टस शीट वाले अपने घर में बैठे थे. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जो एस्बेस्टस की छत को चीरते हुए घर के अंदर आ गिरा. हादसे में प्रदीप और बहा मुनी गंभीर रूप से झुलस गए. पास के एक अन्य घर में रह रही बैद्यनाथ बास्की की पत्नी सरस्वती मरांडी भी वज्रपात की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं.

 


घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन सड़क जर्जर होने के कारण एंबुलेंस गांव में नहीं पहुंच सकी. ग्रामीणों ने तीनों घायलों को खटिया पर लादकर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें एंबुलेंस से जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रदीप पावरिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि बहा मुनी पावरिया व सरस्वती मरांडी का इलाज जारी है.


ग्रामीणों के अनुसार, 50 से अधिक लोगों को आकाशीय बिजली का हल्का झटका महसूस हुआ. दो घर क्षतिग्रस्त हो गए, कई घरों में बिजली की वायरिंग जल गई तथा पंखे, लाइट समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए. सूचना मिलते ही गोपालपुर पंचायत की मुखिया सरोज हेम्ब्रम सदर अस्पताल पहुंचीं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. उन्होंने प्रशासन से मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा व घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की. 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही