Jamtara News : जामताड़ा पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र से चार साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल, एक टैब और 12 सिम कार्ड बरामद किये हैं.
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में गठित टीम ने पिंडारी रेलवे फाटक के आगे रेलवे की जमीन पर बने क्षतिग्रस्त मकान में छापेमारी की.इस दौरान चारों को कथित तौर पर साइबर अपराध करते पकड़ा गया.
सीताकाटा के तीन और काशीटांड़ का एक आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में सीताकाटा गांव निवासी सुनीत कुमार दास (25), कपिल दास (30) और सीतेश्वर दास (29) शामिल हैं. वहीं, काशीटांड़ गांव निवासी तनवीर अंसारी (20) को भी गिरफ्तार किया गया है. सभी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 68/26, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 के तहत बीएनएस 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
एपीके फाइल भेजकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंक केवाईसी अपडेट करने, ई-चालान, शादी कार्ड, आमंत्रण पत्र, बिजली बिल, गैस पाइपलाइन और पानी का कनेक्शन देने के नाम पर लोगों को झांसा देते थे. खुद को संबंधित बैंक या कंपनी का पदाधिकारी बताकर एपीके फाइल भेजते थे.
इसके अलावा व्हाट्सएप स्क्रीन शेयर के माध्यम से भी साइबर ठगी को अंजाम देते थे. ठगी की रकम विभिन्न राज्यों के फर्जी बैंक खातों के माध्यम से निकाली जाती थी. पुलिस के अनुसार, आरोपियों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था.
छापेमारी दल में ये थे शामिल
छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक पुष्पेश्वर दास, पुलिस निरीक्षक कृष्णा कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.

