Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

जामताड़ा पुलिस ने PhonePe, Google Pay से लोगों की जमा पूंजी उड़ाने वाले  गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार

साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ एवं नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद किये हैं.
Advertisement
Advertisement

 Jamtara  : जमाताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है.

 

गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ एवं नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद किये हैं.

 

पुलिस के अनुसार सह थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में मनीष कुमार गुप्ता एवं अन्य पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई थी.

 

टीम ने सबसे पहले करमाटाड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड़ गांव स्थित विष्णु मंडल के घर में छापा मारा.दो आरोपियों को साइबर ठगी करते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया. इसके बाद सियाटांड़ एवं झिलुवा जंगल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक अन्य साइबर अपराधी को दबोचा गया.

 

इसी क्रम में  एक अन्य सूचना के आधार पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां गांव स्थित किशोर दास के घर पर छापा मारा गया. यहां से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

 

इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 29/26 एवं 30/26 दर्ज कर बीएनएस 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गयी है.

 

गिरफ्तार आरोपियों में करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड़ निवासी 19 वर्षीय विष्णु मंडल, 19 वर्षीय सचिन मंडल, नारायणपुर थाना क्षेत्र के बॉसपहाड़ी निवासी 27 वर्षीय सागर नायक, लोकनियां निवासी 23 वर्षीय किशोर दास तथा पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी 25 वर्षीय विश्वजीत दास शामिल हैं.

 

पुलिस ने बताया कि विश्वजीत दास वर्तमान में लोकनियां गांव में रहकर साइबर गिरोह को संचालित कर रहा था.जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाते थे और उनसे गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते थे.

 

इसके अलावा बिजली विभाग के अधिकारी बनकर बिजली बिल भुगतान के नाम पर भी लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे. आरोपी फोन पे और गूगल पे जैसे डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर ऑनलाइन ठगी को अंजाम देते थे.

 

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सागर नायक पहले भी साइबर अपराध थाना कांड संख्या 26/25 में तथा किशोर दास कांड संख्या 47/20 में आरोपि   रह चुका है. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही