Jamtara News : जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नौहथिया गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई है. यहां पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी. घटना में पति मनोज रजवार भी घायल हो गया. सूचना मिलने के बाद शुक्रवार अहले सुबह नारायणपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

बसंती देवी की हत्या के बाद शोक में परिजन
बताया जाता है कि घटना के बाद घर के मुख्य गेट के लोहे के दरवाजे में करंट प्रवाहित कर दिया गया था. इससे कोई भी घर के अंदर प्रवेश नहीं कर पा रहा था और न ही बाहर निकल पा रहा था. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पहले बिजली का कनेक्शन कटवाया, फिर गेट तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया.
घर के अंदर पत्नी बसंती देवी (43 वर्ष) मृत अवस्था में मिली, जबकि पति मनोज रजवार घायल था. पुलिस ने घायल मनोज रजवार को सदर अस्पताल भेजा, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया. वहीं, बसंती देवी के शव को पुलिस अपने कब्जे में लेकर थाना लायी, जहां से पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
नौ बेटियों का परिवार, गांव में मातम
बसंती देवी के भाई बोंगा मांझी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी बहन की मौत हो गयी है. गांव के लोगों से जानकारी मिली कि गुरुवार देर रात कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी बहन की हत्या कर दी गई.
बताया जाता है कि बसंती देवी और मनोज रजवार की कुल नौ बेटियां हैं. इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो की शादी तय हो गयी थी. पांच बेटियां अभी अविवाहित हैं. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.