Ranchi: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) की बिजनेस एक्सचेंज उप समिति की सातवीं बैठक बुधवार को चैंबर भवन में आयोजित हुई. बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्योगपति, व्यवसायी और उद्यमियों ने भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए तथा आपसी व्यावसायिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा की.

बैठक में बताया गया कि समिति के गठन के बाद से अब तक सदस्यों के बीच 10 करोड़ रुपये से अधिक का व्यवसाय हो चुका है. नियमित बैठकों और सक्रिय सहभागिता के कारण सदस्यों को नए व्यावसायिक अवसर मिले हैं और कई उद्यमियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ है.
समिति के सदस्यों ने कहा कि बिजनेस एक्सचेंज उप समिति एफजेसीसीआई की सबसे सक्रिय और महत्वपूर्ण उप समितियों में शामिल हो गई है. इसमें विभिन्न क्षेत्रों और अलग-अलग प्रकार के व्यवसायों से जुड़े सदस्य शामिल हैं, जिससे सभी को एक-दूसरे के अनुभव, संपर्क और नेटवर्क का लाभ मिल रहा है. नियमित संवाद और सहभागिता से सदस्यों के बीच विश्वास, सहयोग और व्यापारिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं.
बैठक में भविष्य में भी नेटवर्किंग कार्यक्रम, व्यवसायिक संवाद और परस्पर सहयोग को बढ़ावा देने पर सहमति बनी. एफजेसीसीआई ने विश्वास जताया कि व्यापार और उद्योग जगत को सशक्त बनाने तथा सदस्यों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे. चैंबर का लक्ष्य अधिक से अधिक उद्यमियों और व्यवसायियों को इस मंच से जोड़कर उनके व्यवसाय के विस्तार में सहयोग देना है.
बैठक में एफजेसीसीआई के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और राम बांगड़, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य मनीष सराफ, मुकेश अग्रवाल, बिजनेस एक्सचेंज उप समिति के चेयरमैन अमित मिश्रा, सदस्य पूनम आनंद सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे.
Leave a Comment