Search

 
 
 

जदयू ने तेजस्वी को बताया ट्विटर बबुआ, कहा-उनका सुरक्षित रहना बहुत जरूरी

 

Patna :  बिहार जदयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद संजय सिंह ने तेजस्वी यादव को ट्विटर बबुआ बताते हुए तानाकशी की है. संजय सिंह ने सोमवार को कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि नेता प्रतिपक्ष यानी ट्विटर बबुआ जहां भी होंगे, कुशल से होंगे. उनका सुरक्षित रहना बहुत जरूरी है. जदयू प्रवक्ता ने कहा कि ट्विटर बबुआ से अपेक्षा है कि वह कोरोना से राजनीति को नहीं जोड़ें. उन्हें राजनीति के लिए बहुत समय मिलेगा. अभी अदृश्य दुश्मन से लड़ने का समय है.

कान छोड़ कर कौवे के पीछे भागने लगते हैं तेजस्वी

संजय सिंह ने कहा कि तेजस्वी को मालूम होना चाहिए कि बिहार सरकार किसी आंकड़े को छुपाती नहीं है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद चौबीसों घंटे लोगों को बचाने में लगे रहते हैं. वह सभी चीजों की देखरेख स्वयं कर रहे हैं. ऑक्सीजन से लेकर रेमडेसिविर इंजेक्शन तक लोगों को मिले इसके लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ट्विटर बबुआ की बुरी आदत यह है कि अगर कोई उन्हें यह कहे कि कौवा कान लेकर चला गया, वह तो अपना कान छोड़ कर कौवे के पीछे भागने लगते हैं.

ट्विटर बबुआ को झूठी अफवाह नहीं फैलानी चाहिए : संजय

इससे पहले संजय सिंह ने कहा था कि नेता प्रतिपक्ष यानी ट्विटर बबुआ को जब जमीनी असलियत की जानकारी नहीं है, तो उन्हें झूठी अफवाह नहीं फैलानी चाहिए. संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को महामारी के इस दौर में ऐसा करना शोभा नहीं देता. आपदा में अफवाह फैलाना तो अपराध भी है. मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को पता ही नहीं है कि कोरोना से निपटने के लिए राज्य सरकार क्या-क्या कदम उठा रही है. इसीलिए वह बिना मतलब बयानबाजी करते हैं. उन्हें कुछ भी अनर्गल बोलने से पहले बिहार आकर सच्चाई की जानकारी ले लेनी चाहिए.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही